मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच सीबीएसई का बड़ा फैसला, 7 देशों में 2 मार्च की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित
नई दिल्ली, 01 मार्च (वेब वार्ता)। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मध्य पूर्व के कई देशों में 2 मार्च को आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। यह फैसला क्षेत्र में बढ़ते तनाव और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
सीबीएसई की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में स्थित सीबीएसई संबद्ध स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं की 2 मार्च को निर्धारित परीक्षाएं फिलहाल टाल दी गई हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में परीक्षा आयोजित करना छात्रों और स्टाफ के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है।
बोर्ड ने यह भी बताया कि 3 मार्च को एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें 5 मार्च से आगे आयोजित होने वाली परीक्षाओं को लेकर स्थिति की समीक्षा की जाएगी। बैठक के बाद आगे की परीक्षाओं के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
सीबीएसई ने कहा है कि स्थगित परीक्षाओं की संशोधित तिथियां जल्द ही घोषित की जाएंगी। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने-अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और आधिकारिक वेबसाइट या स्कूल प्रशासन से ही अपडेट प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करने की भी अपील की गई है।
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण कई देशों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ऐसे हालात में परीक्षाओं का संचालन चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था। इसी को देखते हुए बोर्ड ने एहतियातन यह निर्णय लिया है।
सीबीएसई ने दोहराया है कि छात्रों के शैक्षणिक हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी और नई तिथियां तय करते समय परीक्षा कार्यक्रम को संतुलित रखा जाएगा ताकि विद्यार्थियों की तैयारी पर नकारात्मक प्रभाव न पड़े। फिलहाल छात्र अगली सूचना का इंतजार कर रहे हैं, जबकि बोर्ड स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
बता दें कि इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया है। इजरायल और अमेरिकी आर्मी ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में मिसाइलें दागी हैं। ईरान में राष्ट्रपति भवन को निशाना बनाया गया। इस हमले में ईरान के सर्वोच्‍च नेता खामेनेई की भी मौत हो गई है।

By Sanjay

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *