शिक्षा न्यूज. गाजियाबाद। (Shiksha News) जिले में रविवार को आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) को लेकर अभ्यर्थियों ने समय कम होने की शिकायत की। अभ्यर्थियों के मुताबिक, पेपर में रीजनिंग आसान रही, जबकि कथन वाले प्रश्न, गणित और सामाजिक विज्ञान से जुड़े प्रश्न कठिन और उलझाने वाले रहे। इससे अंतिम पड़ाव पर कम समय में पेपर पूरा करने का दबाव रहा।
जिले में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से रविवार को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) का आयोजन किया गया। पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ बजे से लेकर 12 बजे तक हुई, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक हुई। ढाई घंटे की कुल 150 अंक की परीक्षा में हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, सामान्य अध्ययन, रीजनिंग, गणित आदि के कुल 150 अंकों के प्रश्न पूछे गए।
केंद्रीय विद्यालय में परीक्षा देने वाली सुमेधा भारद्वाज ने बताया कि पेपर में रीजनिंग तो सामान्य थी, लेकिन गणित के प्रश्न कठिन थे। सामाजिक विज्ञान विषय से जुड़े प्रश्न भी उलझाने वाले थे।
वहीं, सुमन सोनी ने बताया कि पेपर पिछली बार की अपेक्षा कठिन था। इस बार कथन से जुड़े प्रश्न काफी उलझाने वाले थे। संजय नगर स्थित भागीरथ पब्लिक स्कूल में परीक्षा देने वाली पूनम गुप्ता ने विज्ञान को आसान और गणित के प्रश्नों को जटिल बताया। अभ्यार्थियों के मुताबिक ओवरऑल पेपर थोड़ा कठिन रहा, इसके चलते परीक्षा के अंतिम पड़ाव में कम समय में पेपर पूरा करने का दबाव हावी रहा।
कड़ी जांच के बाद 20 केंद्रों पर मिला प्रवेश: सीटीईटी के लिए जिले में कमला नेहरू नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय और संजय नगर के भागीरथ पब्लिक स्कूल समेत लगभग 20 केंद्र बनाए गए। इसके लिए करीब 9600 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में छठी से आठवीं तक वाले आवेदकों ने परीक्षा दी, जबकि दूसरी पाली में प्राइमरी के लिए आवेदन करने वालों की परीक्षा हुई। केंद्रीय विद्यालय में सुबह की पाली में 480 में से 62 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, दूसरी पाली में 480 में से 40 ने परीक्षा नहीं दी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा और नकल विहीन परीक्षा के आयोजन के सख्त इंतजाम रहे। कड़ी जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।
17 फरवरी के बाद आंसर की जारी होने की उम्मीद: सीटीईटी की आंसर की 17 फरवरी के बाद जारी होने की उम्मीद है। शिक्षकों के मुताबिक, परीक्षा की प्रोविजनल आंसर की 17 से 23 फरवरी के बीच आ सकती है। वहीं, रिजल्ट मार्च के पहले या फिर दूसरे हफ्ते में आने की संभावना है।