उच्च शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया की शुरूआत की

शिक्षा न्यूज. रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के सरकारी महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग ने बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसकी जानकारी विभाग ने आज साझा की। इस पहल के तहत सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी सहित कुल 700 पदों को भरा जाएगा।
जानकारी के अनुसार महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक के 625 पद, ग्रंथपाल के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। विभाग ने विषयवार रिक्तियों का निर्धारण करते हुए आरक्षण रोस्टर भी तैयार कर लिया है। भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को 24 फरवरी 2026 को आवश्यक विवरण और प्रस्ताव भेज दिया गया है।
बताया गया है कि सहायक प्राध्यापक के पद हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, भौतिकी, गणित, रसायन, वनस्पति शास्त्र और प्राणीशास्त्र में 50-50 पदों पर भर्ती होगी। वहीं अर्थशास्त्र, इतिहास और भूगोल में 25-25 पद, कम्प्यूटर एप्लीकेशन में 15 पद, वाणिज्य में 75 पद तथा विधि विषय में 10 पद निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा 25 क्रीड़ा अधिकारी और 50 ग्रंथपाल के पद भी भरे जाएंगे।
उच्च शिक्षा विभाग ने इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, भर्ती नियम, श्रेणीवार पदों का विवरण और परीक्षा पाठ्यक्रम का प्रारूप भी आयोग को भेज दिया है। प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद लोक सेवा आयोग द्वारा भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
विभाग का कहना है कि इन नियुक्तियों से शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
साथ ही यह भी बताया गया है कि नियमित भर्ती पूरी होने तक पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग द्वारा स्वीकृत पदों के विरुद्ध अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की व्यवस्था भी की गई है। अधिकांश अतिथि शिक्षक पीएचडी डिग्रीधारी हैं और नेट-सेट जैसी पात्रता परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुके हैं। वे राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *