छात्रों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया अपनी उपलब्धि का श्रेय

मुख्यमंत्री के समक्ष छात्रों ने साझा की अपनी सफलता की प्रेरक कहानियां

शिक्षा न्यूज/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाएं हजारों जरूरतमंद और मेधावी विद्यार्थियों के जीवन में बदलाव की नई इबारत लिख रही हैं। इसी क्रम में रविवार को छात्रवृत्ति प्राप्त कर शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर शिवम चंद्र, श्रुति शुक्ला, अंकित यादव, सौमित्र यादव, मोहम्मद अनस अहमद एवं शुभम कुमार को सम्मानित किया गया, जिन्होंने छात्रवृत्ति का सदुपयोग कर न केवल अपनी पढ़ाई पूरी की, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर समाज के लिए प्रेरणा भी प्रस्तुत की।
योजना का लाभ पाकर श्रुति बनी कंप्यूटर सहायक
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए अपनी सफलता की कहानियां भी साझा कीं। उन्होंने सरकार की छात्रवृत्ति योजना को अपनी सफलता का महत्वपूर्ण हिस्सा करार दिया। सम्मानित छात्रा श्रुति शुक्ला ने कहा कि आज का दिन उनके और उनके परिवार के लिए अत्यंत गर्व का दिन है। उन्होंने वर्ष 2020 में अटल बिहारी वाजपेई नगर निगम डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। उस दौरान सरकार द्वारा प्रदान की गई छात्रवृत्ति ने उन्हें आर्थिक संबल दिया, जिससे वह अपनी पढ़ाई को सुचारू रूप से पूर्ण कर सकीं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम में कंप्यूटर सहायक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाज कल्याण विभाग को देते हुए आभार व्यक्त किया।
छात्रवृत्ति से इंजीनियर बनने का सपना पूरा
सम्मानित छात्र अंकित यादव ने अपनी संघर्षपूर्ण यात्रा साझा करते हुए बताया कि वह वर्तमान में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। वह एक मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं और पारिवारिक आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं थी कि इंजीनियर बनने का सपना आसानी से पूरा हो सके। ऐसे समय में उत्तर प्रदेश सरकार की छात्रवृत्ति योजना उनके लिए सबसे बड़ा सहारा बनी। इसी सहायता के बल पर वह आज एक सफल सॉफ्टवेयर इंजीनियर बन पाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री ने इन छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए
सुहानी जायसवाल
उदित किशन
उदित राज
रूपाली साहू
शौर्य सिंह
इशिका गुप्ता
अनूप सिंह
रुकैया
अमित कुमार
आदित्य कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *